ऋषिकेश। प्रतीतनगर में एक घर से युवक ने नगदी और कीमती सामान चोरी कर लिया। पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश के लिए प्रयास तेज किए। सोमवार को पुलिस ने आरोपी को रेलवे ओवर ब्रिज के पास से दबोच लिया। रायवाला पुलिस के मुताबिक प्रतीतनगर स्थित हाट बाजार निवासी सुशील कुमार ने तहरीर देकर बताया कि छह अगस्त को राहुल नामक युवक रात के वक्त उनके घर घुसा।
मोबाइल फोन, दो जोड़ी पायल और करीब चार हजार रुपये की नगदी लेकर फरार हो गया। चोरी करते हुए उसे देख लिया, लेकिन पकड़ने के प्रयास में वह चकमा देकर फरार हो गया। एसएसआई महादेव उनियाल ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर उससे चांदी की दो जोड़ी पायल और डेढ़ हजार रुपये बरामद हुए हैं। पेशी के बाद कोर्ट ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।