हरिद्वार। एक से सात अगस्त तक मनाए जाने वाले विश्व स्तनपान दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला महिला अस्पताल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. सीपी त्रिपाठी ने सभी गर्भवती महिलाओं को विश्व स्तनपान दिवस के अवसर स्तनपान संबंधी जानकारी दी।
इस इस मौके पर उन्होंने कहा कि इसको मनाने का मकसद महिलाओं को स्तनपान के लिए प्रोत्साहित करना है। साथ ही इससे जच्चा व बच्चा दोनों को होने वाले स्वास्थ्य लाभ के प्रति जागरूक करना है। बताया कि स्तनपान के कई सारे फायदे होते हैं। मां के दूध में बच्चे के लिए सभी जरूरी पोषण तत्व भरपूर मात्रा में मौजूद होते हैं।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. शशिकांत ने कहा कि मां का दूध छोटे बच्चों के लिए संपूर्ण आहार है, जिसमें बच्चे को सेहतमंद रखने और उनके उचित विकास के लिए सभी पोषक तत्व मौजूद होते हैं। मां का दूध बच्चों को बचपन में होने वाली कई बीमारियों से महफूज रखता है। इस दौरान को सरकारी नर्सिंगं कॉलेज की प्रधानाचार्य सुमनलता पाठक, डॉ. हितेन जंगपांगी, डॉ. यशपाल तोमर के अतिरिक्त स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।