न्यूज़- कुरियन एंटोनी
शहडोल के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में बीते 31 अगस्त को गांजा तस्करों के विरूद्ध की गई कार्रवाई के बाद फरार तीसरे आरोपी को आखिरकार पुलिस ने डेढ़ महीने बाद रीवा से गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से चार लाख रुपये नकद बरामद किया गया है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, बीते 31 अगस्त को पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में ब्यौहारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रोहित शर्मा निवासी बुढ़ार व उसके साथ दीपक को गिरफ्तार कर उनके पास से एक क्विंटल गांजा व एक लाख रुपये जब्त किया गया था। आरोपियों ने पुलिस को पूछताछ मे बताया गया था कि गांजा उन्होंने रीवा निवासी दिलीप सिंह जाधोंन से सात लाख रुपये में खरीदकर लाया था। उसके बाद से उसकी तलाश में पुलिस लगी हुई थी। आखिरकार उसे रीवा से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से चार लाख रुपये नकद रुपये बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, पूर्व में पकड़े गए आरोपी रोहित व उसके साथ गांजे की एवज में सात लाख रुपये उसे दिए थे। इसमें से तीन लाख रुपये आरोपी खर्च कर चुका था। शेष बचे चार लाख रुपये पुलिस ने उसके पास से बरामद कर लिया है।
आरोपी के बहन की शिकायत के बाद उठे सवाल
इस घटना के डेढ़ महीने बाद यह मामला शांत हो चुका था। रोहित समेत दो आरोपी जेल जा चुके थे। लेकिन बीते दिनों आरोपी रोहित शर्मा की बहन द्वारा एडीजी एवं एसपी को दी गई शिकायत में इस बात का आरोप लगाया गया था कि पांच लाख रुपये नकद था। जबकि जब्ती केवल एक लाख रुपये होना बताया गया था। अब अचानक डेढ़ महीने बाद तीसरे आरोपी के पकड़े जाने व उसके पास से चार लाख रुपये बरामद होने से शिकायत में लगाए गए आरोप को बल मिलता नजर आ रहा है। बहरहाल, सच्चाई चाहे जो भी लेकिन इस घटना से गांजा तस्करों और खाकी के बीच गठजोड़ सामने आ चुका है।