न्यूज़- कुरियन एंटोनी
लखनऊ की युवती ने गांव दारानगर निवासी युवक से शादी की है। कुछ दिनों पहले वह वर्दी पहन गांव आई और खुद को आईपीएस बताया। गांववालों ने भी आईपीएस बहू का जोरदार स्वागत किया, लेकिन सच पता चला तो हैरान रह गए।
बदायूं में फर्जी आईपीएस अफसर बनकर अलापुर इलाके में रौब झाड़ने वाली युवती के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हालांकि पहले पुलिस ने युवती को थाने बुलाकर बिना कार्रवाई किए ही छोड़ दिया था। इससे पुलिस की भूमिका पर सवाल उठ रहे थे।
अलापुर इलाके में 15 दिन पहले एक युवती के पुलिस की वर्दी में फोटो वायरल हुए थे। युवती आईपीएस अधिकारी की वर्दी पहने थी। वर्दी पर अशोक की लाट लगी थी। साथ ही उत्तर प्रदेश पुलिस के स्थान पर आईपीएस लिखा था। गांव में छानबीन के दौरान पता चला था कि युवती काजल यादव मूलरूप से लखनऊ की रहने वाली है। उसने करीब आठ माह पहले दारानगर के एक युवक से शादी की थी। युवक गाजियाबाद की एक कंपनी में काम करता है। एक एप के माध्यम से दोनों संपर्क में आए थे।