न्यूज़- कुरियन एंटोनी
पूर्व दिग्गज क्रिकेटर सुरेश रैना आज बुधवार को बदरीनाथ धाम पहुंचे। उन्होंने भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना में भाग लिया। इस दौरान बदरीनाथ धाम के प्रभारी अधिकारी अनिल ध्यानी ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह रावल से आशीर्वाद लेने पहुंचे। इस दौरान उन्हें वहां देख धाम में दर्शन करने पहुंचे यात्रियों की भीड़ लग गई।
इसके बाद दोपहर दो बजे रैना केदारनाथ धाम पहुंचे और मंदिर के दर्शन किए। केदारनाथ मंदिर प्रांगण में मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी योगेन्द्र सिंह ने उनका स्वागत किया। वहीं, उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव ने भी पारिवारिक सदस्यों के साथ भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए।
बदरीनाथ केदारनाथ में बढ़ रही तीर्थयात्रियों की संख्या
बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि मौसम साफ होने के बाद अब बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में तीर्थयात्रियों की संख्या बढ़ रही है। अभी तक 15,24,798 तीर्थयात्री बदरीनाथ धाम पहुंच चुके हैं। वहीं, सोमवार तक कुल 16,09,913( सोलह लाख नौ हजार नौ सौ तेरह) तीर्थयात्री केदारनाथ धाम पहुंचे।