रुद्रप्रयाग। जनपद में कारगिल विजय शौर्य दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर मुख्य कार्यक्रम अटल आदर्श राजकीय इंटर कॉलेज रुद्रप्रयाग में आयोजित हुआ जिसमें कारगिल युद्ध में शहीद हुए आश्रितों के चित्र पर पुष्पांजलि एवं शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित करते हुए श्रद्धांजलि दी गई। पुलिस की टुकड़ी द्वारा सलामी दी गई।इस मौके पर मुख्य अतिथियों द्वारा जनपद के वीर शहीद नायक सुनील दत्त कांडपाल, रायफल मैन शहीद भगवान सिंह व नायक शहीद गोविंद सिंह के आश्रितों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह ने सभी को शौर्य दिवस की 24वीं वर्षगांठ पर शुभकामनाएं दीं।
कहा कि आज का दिन कारगिल युद्ध में शहीद हुए सैनिकों के लिए समर्पित दिन है। सैनिकों के अदम्य पराक्रम से ही हमें गौरवान्वित होने का अवसर मिला है। अति विशिष्ट अतिथि रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी ने वर्ष 1999 में भारत-पाक कारगिल युद्ध व भारतीय सैन्य की ऐतिहासिक वीरगाथा को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध में कुल 527 सैनिकों ने अपनी शहादत दी थी जिनमें से अकेले 75 सैनिक उत्तराखंड राज्य तथा 3 सैनिक जनपद रुद्रप्रयाग से हैं। उन्होंने वीर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल यूएस रावत ने कारगिल युद्ध को लेकर व्यापक जानकारी दी। कहा कि इस युद्ध में भारतीय सैनिकों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए दुश्मन सैनिकों को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया था।
हर वर्ष आज के दिन को राज्य सरकार द्वारा शौर्य दिवस के रूप में मनाया जाता है। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। विभिन्न विद्यालयों में आयोजित निबंध प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन किशन सिंह रावत द्वारा किया गया। इस मौके पर जिलाधिकारी डॉ सौरभ गहरवार, उप जिलाधिकारी अपर्णा ढौंडियाल, पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध कुमार घिल्डियाल, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ विमल सिंह गुसांई, प्रधानाचार्य आर एस भदौरिया, अध्यक्ष अभिभावक संघ राजेंद्र नौटियाल, पूर्व अध्यक्ष भूतपूर्व सैनिक संगठन राय सिंह रावत सहित अधिकारी, शहीद सैनिकों के आश्रित व बड़ी संख्या में भूतपूर्व सैनिक व स्कूली छात्र-छात्राएं मौजूद थे।