न्यूज़- कोरियन एंटोनी
हल्द्वानी हिंसा पर सुमित हृदयेश ने प्रशासन को ठहराया जिम्मेदार, हरीश रावत ने जताई चिंता; केंद्रीय मंत्री ने दी प्रतिकिया
हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में अवैध मदरसे और नमाज स्थल को ध्वस्त करने के बाद बवाल हो गया। स्थानीय लोगों ने नगर निगम और पुलिस की टीम पर पथराव कर दिया। देखते ही देखते पत्थरबाजी और आगजनी शुरू हो गई। जिसमें 300 से अधिक पुलिसकर्मी और निगमकर्मी घायल हो गए। मामले में स्थानीय विधायक सुमित हृदयेश ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है तो उधर, हरीश रावत ने घटना पर चिंता जताई है। वहीं, हल्द्वानी हिंसा पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी अपनी प्रतिकिया दी है।
विधायक सुमित हृदयेश का बयान
हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने एक बयान जारी कर कहा है कि आजादी से लेकर आजतक हल्द्वानी में कभी भी इस प्रकार की घटना नहीं हुई है। यहां हमेशा अमन, चैन और एकता का माहौल रहा है। हाईकोर्ट ने इस प्रकरण की सुनवाई की तारीख 14 फरवरी को दी थी, फिर भी शासन-प्रशासन ने जल्दबाजी कर इस कृत्य को अंजाम दिया। मेरी मुख्यमंत्री से फोन पर वार्ता हुई है। उन्हें पूरे प्रकरण से अवगत करा दिया गया है, जितने भी प्रशासनिक अधिकारी, पुलिसकर्मी और स्थानीय नागरिक इस कृत्य में घायल और हताहत हुए हैं, मेरी संवेदना उनके परिवारजनों के साथ है। मेरी सभी शहरवासियों से अपील है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर गौर न करें और शांति व्यवस्था बनाने में अपना पूर्ण योगदान दें।