रुड़की। सोलानी का बांध टूटने के बाद पानी ने कोहराम मचाया है। लक्सर के मेन बाजार और रिहायशी इलाकों में कई फुट पानी भरा है। सोलानी के पांच किमी दायरे के करीब 50 गांवों के संपर्क मार्ग पर भरे पानी से आवाजाही बंद हो गई है। हाईवे के ऊपर पानी बहने से कांवड़ यात्रियों को रास्ते में रोक दिया गया है।
इसके अलावा हरिद्वार सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने नगर और देहात का दौरा कर लोगों को हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया है। देर शाम लक्सर में सोलानी नदी के तटबंध में दरार आई थी। इसकी मरम्मत शुरू होने से पहले ही बांध का बड़ा हिस्सा पानी के तेज बहाव में बह गया और हालात बेकाबू हो गए। सुबह तक लक्सर में हर तरफ पानी भरा नजर आया। मेन बाजार और सारे रिहायशी इलाकों में चार फुट तक पानी है।