पौड़ी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में 18 जून को जिले में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही इंटर कॉलेजों के छात्र-छात्राओं के मध्य स्वच्छता विषय पर चित्रकला व स्लोगन प्रतियोगिता का किया जाएगा। जिला जज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष आशीष नैथानी द्वारा जिला मुख्यालय एवं बाहरी न्यायालयों में चार घंटे तक स्वच्छता अभियान चलाए जाने के निर्देश दिए है। सफ़ाई अभियान में स्थानीय क्षेत्रों से कचरा एकत्र करने व स्वच्छता बनाए रखने के लिए श्रमदान किया जाएगा।
प्राधिकरण के सचिव अकरम अली ने अफसरों की बैठक लेते हुए अपने-अपने क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य शिक्षाधिकारी को जिले के सभी स्कूलों के एनसीसी, एनएसएस के छात्र-छात्राओं द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता अभियान चलाए जाने के लिए रैली निकालकर आम जनमानस को जागरूक करने के निर्देश दिए। बताया कि राजकीय इण्टर कॉलेजों के कक्षा 6 से 12वी के छात्र-छात्राओं के मध्य स्वच्छता विषय पर 12 जून को चित्रकला प्रतियोगिता, 13 जून को स्लोगन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। चित्रकला व स्लोगन प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ तीन प्रतिभागियों को 18 जून को पुरस्कृत किया जाएगा।