नई टिहरी। ब्लाक प्रतापनगर के दीनगांव जीआईसी में स्व.अरुण त्रिपाठी फाउंडेशन ने विद्यालय के मेधावी एवं निर्धन छात्र-छात्राओं को छात्रवृति का वितरण किया। छात्रवृति का वितरण बतौर मुख्य अतिथि अपर निदेशक माध्यमिक गढ़वाल महावीर सिंह बिष्ट ने किया। इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि विष्ट ने कहा कि फाउंडेशन की यह पहल सराहनीय है। सामाजिक रूप से इस तरह के काम छात्रों के हितों के लिए अहम होते हैं। छात्रवृति वितरण समारोह में सर्वप्रथम स्व.अरुण त्रिपाठी को श्रद्धांजलि प्रदान की गई। इस क्षेत्र के लोगों से लगाव होने के कारण कई सामाजिक व शैक्षिक सुधार के लिए उन्होंने काम किया।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी दिवाकर प्रसाद पैन्यूली ने स्व. अरुण त्रिपाठी के कामों की चर्चा व सराहना की। वर्ष 2022-23 के लिए चयनित छात्र-छात्राओं को 61200 रुपये की धनराशि का वितरण किया। जिसमें कक्षा 6 की लक्ष्मी, समर व सपना को 6-6 हजार। कक्षा 7 के नीरक्ष को 6600। कक्षा आठ के अंकित को 7200। कक्षा 9 की नर्मदा को 8400, कक्षा दस की भागेश्वरी को 9 हजार व कक्षा 12 की सपना को 12 हजार रुपये की छात्रवृति प्रदान की गई। इस मौके पर प्रधानाचार्य मनमोहन पंवार, लक्ष्मी प्रसाद भट्ट, यशवीर सिंह, प्रवीन नौटियाल, सुनील नौटियाल, विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष हेमराज सिंह राणा, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष गोविंद सिंह रावत आदि मौजूद रहे।