न्यूज़- कोरियन एंटोनी
समारोह को देखते हुए दिल्ली के रेलवे स्टेशनों व बस अड्डों की पार्किंग में वाहन खड़े करने की अनुमति नहीं मिलेगी। इसके अलावा कर्तव्य पथ व आसपास की सुरक्षा को दिल्ली पुलिस समेत अन्य सुरक्षा एजेंसियों के 22 हजार जवान संभालेंगे।
गणतंत्र दिवस समारोह के लिए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतेजाम किए हैं। पूरे शहर में 70,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। दिल्ली की सीमाएं सील कर दी गई है। भारी वाहनों को दिल्ली में प्रवेश नहीं मिलेगा, जबकि अन्य वाहनों को जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। समारोह को देखते हुए दिल्ली के रेलवे स्टेशनों व बस अड्डों की पार्किंग में वाहन खड़े करने की अनुमति नहीं मिलेगी। इसके अलावा कर्तव्य पथ व आसपास की सुरक्षा को दिल्ली पुलिस समेत अन्य सुरक्षा एजेंसियों के 22 हजार जवान संभालेंगे। कमांडो, त्वरित प्रतिक्रिया टीम (क्यूआरटी), पीसीआर वैन, स्वाट टीमों को कर्तव्य पथ और शहर अलग-अलग महत्वपूर्ण स्थानों पर तैनात किया गया है।
विशेष पुलिस आयुक्त (सुरक्षा) दीपेंद्र पाठक ने बताया कि समारोह के लिए सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। पूरी दिल्ली की सुरक्षा करीब 70 हजार पुलिसकर्मी करेंगे। इनमें पीसीआर, सिक्योरिटी यूनिट, मोर्चा, ईआरवी व स्पेशल सेल की टीमें तैनात की गई हैं। पुलिस किसी भी स्थिति में सुरक्षा को संभालने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। ड्रोन के जरिये भी नजर रखी जाएगी। दिल्ली-एनसीआर का पूरा इलाका 26 जनवरी को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक और अपराह्न 3 बजे से रात आठ बजे तक नो फ्लाइंग जोन रहेगा।