पौड़ी। 4 जुलाई से शुरू होने जा रही कांवड़ मेला यात्रा की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में डीएम ने यात्रा के दौरान कंट्रोल रूम स्थापित करने, संचार व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए अतिरिक्त व्यवस्था, पार्किंग स्थल से मंदिर परिसर तक बैरिकेडिंग व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने गरुड़ चट्टी से बड़ी बसों को रोकने के लिए परिवहन विभाग को पत्र लिखे जाने, निजी और सरकारी पार्किंग को चिह्नित करते हुए तैयार करने के निर्देश दिए। गुरुवार को डीएम डा. आशीष चौहान, विधायक यमकेश्वर रेनू बिष्ट ने नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर में मंदिर समिति, व्यापार मंडल, पुलिस व राजस्व प्रशासन के अधिकारियों की बैठक ली।
बैठक में डीएम ने यात्रा के दौरान डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा दिए जाने, नीलकंठ की पैदल यात्रा मार्ग पर विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने, फायर पुलिस, एंबुलेंस, ऑक्सीजन की व्यवस्था निर्धारित स्थलों पर किए जाने के निर्देश दिए। बैठक में डिप्टी डायरेक्टर राजाजी टाइगर रिजर्व कहकशा नशीम, सीएमओ डा. प्रवीण कुमार, एसडीएम आकाश जोशी, सीओ पुलिस श्याम दत्त नौटियाल, जिला पूर्ति अधिकारी केएस कोहली, अधिशासी अभियंता जल संस्थान कोटद्वार संतोष उपाध्याय, नीलकंठ मंदिर के व्यवस्थापक मंहत सुभाष पूरी, नीलकंठ व्यापार मंडल अध्यक्ष बृजेश चौहान आदि शामिल थे।