रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में सरकारी नौकरी के नाम पर 21.29 लाख की ठगी कर फरार हुए महिला की गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस ने आरोपी के घर बाराबांकी जाकर 82 सीआरपीसी का नोटिस चस्पा किया है। वहीं महिला के न्यायालय में पेश न होने पर उसके घर की कुर्की की जाएंगी। जानकारी के अनुसार, तीनपानी डाम फुलसुंगा निवासी श्रीपाल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 28 जून 2022 को सर्वेश यादव, शालू वर्मा और श्याम मोहन आदि ने फर्जी अधिकारी बनकर उसके बेटे को सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 21.29 लाख रुपये ले लिए।
जब आरोपियों से रुपये मांगे तो वे जान से मारने की धमकी देने लगे। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों बाराबंकी निवासी सर्वेश यादव और आंबेडकर नगर यूपी निवासी श्याम मोहन को गिरफ्तार कर लिया था। तीसरी आरोपी शालू वर्मा लंबे समय से फरार चल रही है। इस पर थाना ट्रांजिट कैंप पुलिस ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वितीय की अदालत से 82 सीआरपीसी का आदेश प्राप्त कर लिया। आरोपी शालू वर्मा निवासी ग्राम उधौली थाना सफदरगंज जिला बाराबंकी यूपी स्थित उसके आवास पर जाकर दारोगा धीरज टम्टा ने नोटिस चस्पा किया। साथ ही मुनादी भी करवाई।