रुड़की। लक्सर। रायसी के डिग्री कॉलेज में एमएससी के चौथे सेमेस्टर की परीक्षा के दौरान रसायन शास्त्र का पेपर गलत आ गया। पता चलने पर कॉलेज प्रबंधन से विवि प्रशासन से बात की। बाद में विवि प्रशासन के आदेश पर प्रश्नपत्र स्थगित कर दिया गया। अब इस प्रश्नपत्र के लिए विवि से दूसरी डेट मिलेगी।
श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय से संबद्ध रायसी के हर्ष विद्या मंदिर पीजी कॉलेज में बुधवार को रसायन विज्ञान फोर्थ सेमेस्टर का पेपर होना था। चौथे सेमेस्टर के सभी 14 छात्र-छात्राएं पेपर देने के लिए तीन बजे से थोड़ा पहले परीक्षा कक्ष में बैठ गए। कॉलेज प्रबंधन ने उनको उत्तर पुस्तिकाएं बांट दी। ठीक तीन बजे विवि से आया प्रश्नपत्रों का लिफाफा खोलकर बच्चों को प्रश्नपत्र बांट दिए गए। इस दौरान किसी बच्चे ने कक्ष निरीक्षक को बताया कि जो प्रश्नपत्र बांटा गया है, वह चौथे सेमेस्टर का नहीं, बल्कि तीसरे सेमेस्टर का है। कॉलेज प्रशासन ने रसायन शास्त्र पढ़ाने वाले प्राध्यापक से जानकारी ली। उन्होंने भी प्रश्नपत्र तीसरे सेमेस्टर का होने की पुष्टि की।