मसूरी में हाल ही में हुई यूपी पुलिस के एसआई के बेटे कपिल की हत्या के मामले का मंगलवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। कपिल की प्रेमिका ने ही अपने भाई के साथ मिलकर उसकी हत्या की थी।
भाई अबदुल्ला अपनी बहन कुदरत के कपिल के साथ रिश्ते से खुश नहीं था। उसने शुरुआत में ही कपिल को मारने की योजना बनाई थी, लेकिन कुदरत का प्यार आड़े आ गया। इसके बाद जब कुदरत ने खुद ही कपिल को मारने के लिए अपने भाई से कहा तो जैसे उसके गुस्से की आग को हवा मिल गई।
सब कुछ योजना के अनुसार हुआ और कुदरत अपने हाथ पर लिखे कपिल के नाम को तो नहीं मिटा सकी, लेकिन उसने कपिल को ही मिटाकर इंतकाम पूरा कर लिया। दरअसल, कुदरत पहले चुपचाप ही कपिल से प्यार करती रही। जब बात शादी तक पहुंची तो कुदरत ने इस रिश्ते का जिक्र अपने घरवालों से कर दिया, लेकिन कपिल का नाम छिपा लिया। उसका परिचय सलमान नाम से कराया।
तब तक सब कुछ ठीक था, मगर जैसे ही अबदुल्ला के सामने कपिल की हकीकत सामने आई तो वह गुस्से में आ गया। उसने पहले कुदरत को गालियां दी और कपिल को जान से मारने की धमकी देने लगा। हालांकि, उस वक्त कुदरत ने अपने प्यार और रिश्ते का हवाला देते हुए अबदुल्ला को रोक लिया। अबदुल्ला को उसने अपनी कसम भी दी कि वह ऐसा नहीं करेगा।