न्यूज़- कोरियन एंटोनी
खरगोन की इंदिरा सागर नहर में एक कार गिर गई। हादसे में कार सवार दंपति की मौत हो गई। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में कार सवार दंपति की कार इंदिरा सागर नहर में गई। हादसे में दंपति की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कार को बाहर निकाला। जिसके बाद शवों को अस्पताल पहुंचा। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार खरगोन के जिला मुख्यालय से करीब आठ किमी दूर स्थित सनावद रोड पर कुंडिया फाटे के पास एक अर्टिगा कार अनियंत्रित होने से इंदिरा सागर नहर में गिर गई। हादसे में कार में बैठे पति-पत्नी राजेंद्र और रेखा बाई की डूबने से मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही जैतापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नहर में उल्टी पड़ी कार को ग्रामीणों की मदद से रस्सियां बांधकर बाहर निकाला।
डॉक्टर बोले- डूबने से हुई मृत्यु
जैतापुर थाना के एएसआई सुदर्शन ने बताया कि हमें मोबाइल पर सूचना मिली थी कि छोटी दीपगांव के पास एक कार नहर में गिर गई है। मौके पर पहुंचकर गांव वालों की मदद से कार को निकाला, लेकिन तब तक दंपति की मौत हो चुकी थी। मृतक दंपति अपने घर से खरगोन की तरफ आ रहे थे। इस दौरान यह हादसा हो गया।