हरिद्वार। हरिद्वार सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक की ओर से आयोजित दो दिवसीय दिव्यांग निशुल्क परीक्षण शिविर का गुरुवार को बहादराबाद विकासखंड कार्यालय में समापन हो गया। पहले दिन के शिविर का आयोजन भगवानपुर के विकासखंड कार्यालय में किया गया था।
बहादराबाद शिविर में रजिस्ट्रेशन करने वाले लोगों की विकलांगता की जांच कर दिव्यांग सर्टिफिकेट जारी किए गए।
बहादराबाद में शिविर का शुभारंभ करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष संदीप गोयल ने बताया कि दो और तीन अगस्त को लगाया गया यह शिविर सांसद रमेश पोखरियाल निशंक के प्रयासों से इंडियन रेलवे फाइनेंस कोरपोरेसन, एलीमको और समाज कल्याण विभाग की मदद से आयोजित किया गया।
शिविर में रजिस्ट्रेशन किए गए दिव्यांगों को कृत्रिम पैर, कैलीपर्स, बैसाखियां, व्हीलचेयर, ट्राई साइकिल, सुनने के लिए कान की मशीन का निशुल्क वितरण किया जाएगा। भाजपा विधायक आदेश चौहान ने कहा कि कैंप में दिव्यांगों को सारी सुविधाएं मुहैया कराई गई। इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समाज कल्याण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।