पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके ससुर सुरेश राठौर ने अपने निजी होटल में देवेश शर्मा को मैनेजर नियुक्त किया गया था। शुरुआत में उसने ईमानदारी से कार्य किया और भरोसा जीत लिया। इसी भरोसे के चलते होटल के बैंक खाते की जानकारी, चेकबुक और डेबिट कार्ड जैसी जिम्मेदारियां भी उसे सौंप दी गईं। आरोप है कि कुछ समय बाद देवेश ने कर्मचारियों का वेतन देना बंद कर दिया और पिछले तीन महीनों से होटल स्टाफ को भुगतान नहीं हुआ। इसी दौरान वह करीब तीन लाख रुपये नकद और एक सोने की अंगूठी लेकर बिना सूचना होटल छोड़कर फरार हो गया।
बताया गया है कि वह हाल के दिनों में हरिपुर कलां क्षेत्र में रह रहा था। आरोप है कि आरोपी से फोन पर सम्पर्क करने की कोशिश की गई तो उसने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी। सिडकुल थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।