रुड़की। श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय टिहरी के कुलपति प्रो. एनके जोशी ने कहा कि छात्र-छात्राएं पढ़ाई के साथ-साथ स्किल डेवलपमेंट पर फोकस करें। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में शिक्षा को रोजगारपरक बनाए जाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। हरिओम पीजी कॉलेज धनौरी के संस्थापक डॉ. तेजवीर सिंह सैनी की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में वह पहुंचे थे।
उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थाओं की स्थापना कर डॉ. सैनी ने एक मिसाल कायम की है। उनका पूरा परिवार इस परंपरा को आगे बढ़ा रहा है। उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा के निदेशक डॉ. एसपी खाली ने कहा कि कॉलेज छात्र-छात्राओं को उच्च गुणवत्तायुक्त शिक्षा उपलब्ध करा रहा है। क्षेत्र के शैक्षिक विकास में इस संस्था के योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।