हरिद्वार। टारगेट पूरा करने के लिए एक कंपनी के एजेंट ने फर्जी तरीके से सिम कार्ड बेचे थे। बहादराबाद पुलिस ने कर्मचारी को उसके गांव भौरी से गिरफ्तार कर लिया है। कर्मचारी के पास से कई उपकरण भी बरामद हुए हैं। भारतीय एयरटेल कंपनी के नोडल अधिकारी कौशलेंद्र त्रिपाठी विभूति खंड गोमती नगर, लखनऊ की शिकायत पर पुलिस ने एक अगस्त को कंपनी के प्रीपेड और पोस्टपेड सिम धोखाधड़ी से बेचने के मामले में केस दर्ज किया था।
शिकायतकर्ता का कहना है कि शिकायत मिली थी कि फर्जी तरीके से कंपनी के सिम कार्ड बेचे जा रहे हैं। इस संबंध में पुलिस ने नामजद तीन लोगों पर केस दर्ज किया था। दो लोग अभी भी पुलिस गिरफ्त से दूर है। थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र शाह ने बताया कि आरोपी ने पैसों के लालच में आकर टारगेट पूरा करने के लिए फर्जी कागजात लगाकर सिम बेचकर उन्हें एक्टिवेट किया था। आरोपी शहरान पुत्र जमशेद निवासी नगला खुर्द कोतवाली लक्सर को गिरफ्तार किया गया है। मेडिकल जांच के बाद उसे कोर्ट से जेल भेज दिया है।