न्यूज़- कोरियन एंटोनी
अखिल भारतीय मजदूर संघ की आवश्यक बैठक नगर निगम सभागार में आहूत की गई। अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश कुमार व जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार की अध्यक्षता में आहूत की गई बैठक में जल्द मांगों पर कार्यवाही न होने पर रोष व्यक्त किया। इस मौके पर सफाई मजदूर संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश कुमार ने कहा कि लम्बे समय से सफाई व्यवस्था में ठेका प्रथा समाप्त करने, कर्मचारियों को नियमितीकरण किए जाने और रॉयल कमेटी की सिफारिशों को लागू किये जाने की मांग की जा रही है, लेकिन मांगों पर कोई कार्यवाही नहीं हो पाई है। जिससे कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। बैठक में प्रदेश महामंत्री मनोज कुमार ने कहा कि 12 फरवरी को प्रदेश के सफाई कर्मचारियों ने देहरादून सचिवालय कूच करने का निर्णय लिया है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से रैली में अधिक से अधिक संख्या पहुंचने का आह्वान किया है। इस मौके पर सुनील कुमार, मनमोहन लाल, सुभाष, राजू सहित आदि मौजूद थे।