हरिद्वार। महानगर कांग्रेस कमेटी ने देवपुरा चौक पर भाजपा नेताओं द्वारा महिलाओं के साथ किए जा रहे शोषण और प्रदेश में लचर कानून व्यवस्था को लेकर प्रदर्शन कर धामी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी और कार्यकारी अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि पथरी क्षेत्र में भाजपा नेता द्वारा महिला के साथ की गई अश्लील हरकत से पूरे क्षेत्र में रोष व्याप्त है। राज्य में लचर कानून व्यवस्था की वजह से अपराधियों में कानून का भय नहीं है।
प्रदेश कांग्रेस सदस्य मुरली मनोहर और वरिष्ठ नेता महेश प्रताप राणा ने कहा कि डबल इंजन सरकार में महिलाओं के साथ हो रहे उत्पीड़न जैसी घटनाओं को भविष्य में अगर लगाम नहीं लगी तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। पार्षद राजीव भार्गव और पार्षद इसरार सलमानी ने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देने वालों की सरकार में सबसे ज्यादा अत्याचार बेटियों पर हो रहे हैं।
प्रदर्शन करने वालों में मुख्य रूप से ब्लॉक अध्यक्ष जतिन हाण्डा, नईम कुरैशी, तहसीन अंसारी, अशोक गुप्ता, रिषभ अरोड़ा, राकेश गुप्ता, प्रशांत शर्मा, जितेंद्र सिंह, ओम मलिक, करण सिंह राणा आदि कांग्रेस जन उपस्थित रहे।