न्यूज़- कोरियन एंटोनी
पुलिस ने युवक को लड़की के अपहरण के आरोप में हिरासत में लिया था। आज सुबह वो थाने की टॉयलेट में फंदा लगाकर लटक गया। तत्काल पुलिसकर्मियों ने उसे फंदे से उतारा और उपचार के लिए अस्पताल लेकर गए। युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। उधर इसकी भनक लगते ही परिवार के साथ ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और पथराव कर दिया।
कासगंज के अमांपुर थाने में पुलिस अभिरक्षा में युवक ने फांसी का फंदा लगाकर जान देने की कोशिश की। पुलिस युवक को अस्पताल ले गई। जहां चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां से भी उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। इस घटना के बाद युवक के परिवार के लोगों में आक्रोश फैल गया। थाने का घेराव कर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। इससे पुलिस के हाथ पांव फूल गए। पथराव में एक पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना है। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और कई थाना क्षेत्रों का पुलिसबल मौके पर पहुंच गया।