कंजाबाग तिराहे पर ठेली लगाकर खुलेआम शराब परोसना एक युवक को भारी पड़ गया। पुलिस ने रात्रि लगभग 10 बजे गश्त के दौरान अवैध रूप से शराब परोसने पर कार्रवाई करते हुए पुलिस एक्ट में युवक का ₹10 हजार का कोर्ट चालान कर दिया। नशे के विरुद्ध चलाए गए अभियान के तहत खटीमा पुलिस होटल, ढाबों आदि की चेकिंग कर रही है।
इसी दौरान कंजाबाग तिराहे पर जितिन सक्सेना उर्फ बाबू निवासी पंजाबी कॉलोनी ठेली लगाकर लोगों को अवैध रूप से शराब पिलाते हुए पकड़ा। हालांकि उसने शराब पी रहे लोगों को भगा दिया। पुलिस ने पाया कि ठेली के आसपास लकड़ी तथा लोहे की बेंच लगाकर लोगों को अवैध रूप से बैठाकर शराब पिलाई जा रही थी। उप निरीक्षक किशोर पंत ने आरोपी ठेली वाले का चालान कर दिया।