जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान ने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में आगामी यात्रा सीजन को देखते हुए जिले क्षेत्र के अंतर्गत यात्रा मार्गों पर सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। बीते मार्च माह में चालानों की कम संख्या पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए संबंधित उपजिलाधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया।
डीएम ने बीते वर्षों में धुमाकोट क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए वाहन चालकों के व्यवहार परिवर्तन के उद्देश्य से नैनीडांडा में एक कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश परिवहन विभाग के अफसरों को दिए। कहा कि इस कार्यशाला में क्षेत्र के बस और टैक्सी चालकों को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाएगा।
शनिवार को आयोजित बैठक में डीएम ने चीला कैनाल रोड पर पूर्व में हुई दुर्घटनाओं और नहर में डूबने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए यूजेवीएनएल और परिवहन विभाग के अफसरों को बड़े आकार के प्रभावशाली चेतावनी साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। कहा कि इन साइन बोर्डों में विशेष इमेजेज का प्रयोग किया जाए ताकि लोगों पर मनोवैज्ञानिक प्रभाव पड़े और दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
बैठक में परिवहन विभाग के अफसरों ने बताया कि वर्ष 2024-25 में अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं शाम 6 से रात्रि 9 बजे और सुबह 9 से दोपहर 12 बजे के बीच हुई हैं।