देर रात नीलगाय का शिकार करके कार से उसका मांस लेकर जा रहे चार लोगों को रायसी चौकी की पुलिस टीम ने गश्त के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उन पर मुकदमा दर्ज करने के साथ ही कार भी सीज कर दी है। शुक्रवार को उन्हें मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है।
गुरुवार रात रायसी चौकी प्रभारी कमलकांत रतूड़ी, सिपाही अनिज वर्मा, महेंद्र सिंह व प्रदीप कनोजिया के साथ रायसी-निरंजनपुर मार्ग पर गश्त कर रहे थे। इस दौरान बहालपुरी चौराहे के पास उन्होंने एक कार को रोका। कार में चार लोग सवार थे।
पूछताछ में वे चारों संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इस पर पुलिस ने उनकी तलाशी ली। तलाशी में उनके पास तो कुछ गलत नहीं मिला, लेकिन कार की डिक्की में एक नीलगाय का कटा हुआ सिर, करीब 220 किलो मांस, खाल व छुरे रखे मिले। इस पर पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर कोतवाली ले आई।
एसएसआई मनोज गैरोला ने बताया कि चौकी प्रभारी द्वारा छह लोगों को नामजद करते हुए वन्य जीव सरंक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। इसमें मौके से गिरफ्तार किए गए सुल्तानपुर के मौहल्ला बड़ा बगड़ निवासी आजम अली पुत्र इसरार अली, फैसल पुत्र इकबाल और मौहल्ला ढाब सुल्तानपुर के इरशाद पुत्र अशरफ, मौहब्बत मलिक पुत्र मिदा हसन को कोर्ट में पेश किया गया था, जहां से उनको जेल भेजा गया है।
बताया कि इसमें फरार चल रहे मौहल्ला ढाब सुल्तानपुर निवासी साहिल पुत्र कालिया तथा तालिब पुत्र आबिद को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।