हरिद्वार। कांवड़ मेले की विधिवत शुरुआत कल हो जाएगी। लेकिन चमगादड़ टापू में लगने वाला कांवड़ बाजार अभी तक नहीं लग पाया है। कांवड़ बाजार में कांवड़ मेले के लिए 130 दुकानें बनाई जानी है। जिसकी जिम्मेदारी नगर निगम के पास है। नगर आयुक्त दयानंद सरस्वती ने बताया कि ठेकेदार को वर्क आर्डर जारी कर दिया गया है। सोमवार से कांवड़ बाजार में दुकाने बनाने का कार्य शुरु हो जाएगा। नगर निगम कांवड़ मेले में हर वर्ष उत्तरी हरिद्वार स्थित चमगादड़ टापू पर कांवड़ बाजार लगाता है।
लेकिन इस बार कांवड़ बाजार के लिए खरीददार न मिलने के कारण बाजार के लिए नगर निगम ने चार बार टेंडर प्रक्रिया को किया। अंतिम समय में जाकर कांवड़ बाजार का टेंडर हो पाया। जिसके चलते चार जुलाई को होने वाले कांवड़ मेले के लिए रविवार तक भी बाजार नहीं बन पाया था।
घाटे में हुआ कांवड़ बाजार का ठेका: जहां एक तरफ हर चीज के दामों में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। वहीं दूसरी ओर नगर निगम के कांवड़ बाजार का ठेका पिछले वर्ष से करीब छह लाख कम से गया है। पिछले वर्ष कांवड़ बाजार का ठेका 23 लाख से अधिक गया था। इस वर्ष उस ही बाजार का ठेका करीब 17 लाख का गया है।