हरिद्वार। धर्मनगरी में पार्किंग नाम पर चल रही अवैध वसूली को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड सिंचाई विभाग की अधिशासी अभियंता मंजू का घेराव किया। अवैध वसूली रोकने को पदाधिकारियों ने ईई को ज्ञापन भी सौंपा। साथ ही अवैध वसूली करने वालों पर कर्रवाई की मांग की। अवैध वसूली के खिलाफ कार्रवाई न होने पर भाजपा पदाधिकारियों ने आंदोलन की चेतावनी दी है। गुरुवार को भाजपा कार्यकर्ता यूके सिंचाई विभाग के कार्यालय पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ईई का घेराव करते हुए सर्वानंद घाट से गुप्तानंद घाट तक पार्किंग के नाम पर चल रही अवैध वसूली से ईई को अवगत कराया।
भाजपा पार्षद प्रतिनिधि विदित शर्मा ने बताया कि सर्वानंद घाट से लेकर गुप्तानंद घाट तक कुछ लोग अवैध तरीके से पार्किंग के नाम पर लोगों से वसूली कर रहे है। सर्वानंद घाट पर यात्रियों से पार्किंग के नाम पर दुर्व्यवहार किया जा रहा है। पार्किंग के लिए न सिंचाई विभाग और न नगर निगम ने क्षेत्र का टेंडर निकाला है। फिर भी पार्किंग के नाम पर लोगों को लूटा जा रहा है। भाजयुमो के मंडल अध्यक्ष अंकुश भाटिया और भाजपा नेता अकाश भाटी ने कहा कि इस प्रकार का लोगों के साथ दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभागों की मिलीभगत से लूट की जा रही है। अवैध वसूली बंद न होने पर भाजपा आंदोलन करेगी। सिंचाई विभाग की ईई का घेराव करने वालों में प्रदीप त्यागी, आदित्य झा, विनय निगम, प्रशांत धाकड़, नमन शर्मा, मनीष शर्मा, उमेश भारद्वाज, अकाश त्यागी, परमिंदर आदि भाजपाई शामिल रहे।