रुड़की। महिला की मौत के मामले में पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह पता चल सकेगी। उपनिरीक्षक वंदना नेगी को मामले की जांच सौंपी गई है। सिविल लाइंस कोतवाली को हरकी पैड़ी के कांगड़ा मंदिर, शिव शक्ति भोजनालय निवासी कविता ने तहरीर देकर बताया कि छोटी पुत्री चित्रा गोस्वामी का विवाह 22 नवंबर 2015 को पंकज के साथ किया था जबकि बड़ी पुत्री अंजलि का विवाह करीब दस साल पहले अजय गोस्वामी के साथ किया था। दोनों ही पुत्रियों की शादी के बाद छह बच्चे हुए थे। आरोप है कि छोटी पुत्री चित्रा गोस्वामी को दामाद पंकज गोस्वामी दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहा था। पिछले सप्ताह बड़ा दामाद अजय गोस्वामी बड़ी पुत्री अंजलि और तीनों पुत्रियों को हरिद्वार छोड़कर गया था। आरोप है कि सोमवार को छोटी पुत्री चित्रा को दहेज नहीं मिलने पर ससुराल पक्ष ने जहर देकर मार दिया।