रुड़की। आईआईटी रुड़की ने पूर्व स्नातक पाठ्यक्रम में संशोधन किया है। नया पाठ्यक्रम सभी बीटेक, बीआर्क, बीएस-एमएस और इंटीग्रेटेड एमटेक कार्यक्रम में वर्ष 2023 में प्रवेश लेने वाले यूजी छात्रों के लिए होगा। संस्थान की सीनेट ने नए पाठ्यक्रम पर अपनी मुहर लगा दी है। नई शिक्षा नीति के तहत यह पाठ्यक्रम तैयार किया गया है। विज्ञान, प्रौद्योगिकी, उद्यमिता, परियोजना-आधारित शिक्षा और सामाजिक प्रतिबद्धता को देखते हुए इसे तैयार किया गया है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग (एआई, एमएल), डेटा साइंस, भारतीय ज्ञान प्रणाली, टिंकरिंग एवं मेंटरिंग, टैलंट एनहानस्मेंट बास्केट (टीईबी), पर्यावरण विज्ञान एवं स्थिरता (ईएसएससी), कम्युनिटी आउटरीच (कोर), सॉफ्ट स्किल्स आदि को पाठ्यक्रम में शामिल किया गया है।