न्यूज़- कोरियन एंटोनी
सीतापुर में नौजवानों को सेना में नौकरी दिलाने के नाम पर 44 लाख रुपये ठगने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों को जेल भेज दिया गया है।
सीतापुर शहर कोतवाली पुलिस ने सेना में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 44 लाख रुपए बेरोजगार युवकों से ठग लिए थे। पुलिस ने दोनों को जेल भेजने की कार्रवाई की है। शहर कोतवाली के मोहल्ला ग्वाल मंडी निवासी हर्ष ने 10 जुलाई को एक मुकदमा दर्ज कराया था।
पीड़ित का आरोप था कि उसे सेना में नौकरी के नाम पर फर्जी दस्तावेज दे दिए गए। आरोपियों ने उसके अलावा सात अन्य धीरेंद्र, हर्ष, दीक्षा श्रीवास्तव, गौरव कुमार, राजीव आदि से कुल 44 लाख रुपए ठग लिए थे। इसके बाद आरोपी फरार हो गए थे।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर शाहजहांपुर के थाना जलालाबाद गांव गुनारा निवासी अजीम और गांव गौसनगर निवासी रवि दिवाकर को गिरफ्तार किया है। उनके पास से बीएसएफ के आईजी का परिचय पत्र, थल सेना के लेफ्टिनेंट फर्जी परिचय पत्र, दो मोहर और सात फर्जी नियुक्ति पत्र बरामद हुए।
आरोपी भोले-भाले नौजवानों को फर्जी नियुक्ति पत्र देकर अपने जाल में फंसाने का काम करते हैं। सीओ सिटी अमन सिंह ने बताया दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। शहर कोतवाल अनूप कुमार शुक्ला की टीम को सफलता मिली है।