रुड़की। विश्व हिंदू परिषद ने बढ़ती गर्मी के दौरान पेयजल आपूर्ति सुचारू नहीं होने पर नाराजगी जताई। परिषद ने जल संस्थान के अधिकारियों से मिलकर व्यवस्था में सुधार लाने को कहा है। इसके लिए क्षतिग्रस्त लाइनों की तत्काल मरम्मत की मांग की है। ऐसा नहीं होने पर जल संस्थान कार्यालय पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है। विश्व हिंदू परिषद के नगर अध्यक्ष आलोक शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल जल संस्थान कार्यालय पहुंचा। उन्होंने अधिकारियों से मुलाकात में नगर में हो रही पानी की कटौती पर नाराजगी व्यक्त की। जल संस्थान को एक ज्ञापन दिया गया है। इसमें कहा गया है कि गर्मी के मौसम में पानी पर्याप्त नहीं मिल रहा है। कहा गया कि विभिन्न स्थानों पर पाइप लाइनें क्षतिग्रस्त हैं। इसके चलते दूषित पानी भी घरों में पहुंचता है। इससे बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। कहा कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो जल संस्थान कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करेंगे। जल संस्थान के जेई रवि कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि गर्मी के मौसम में पेयजल की कमी नहीं होने दी जाएगी। साथ ही क्षतिग्रस्त लाइनों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रतिनिधिमंडल में पुनीत भटनागर, आशीष, अनिल शर्मा, राजवीर आदि शामिल रहे।