न्यूज़- कुरियन एंटोनी
देहरादून के रिलायंस ज्वेलरी शोरूम में हुई 20 करोड़ की डकैती की घटना से हर कोई दहशत में है। एक-एक कर बदमाश शोरूम में दाखिल हुए। तीन बदमाश कर्मचारियों के पास पहुंच गए और एक वहीं गार्ड के पास रुक गया। इस बदमाश ने जेब से पिस्तौल निकाली और गार्ड हयात सिंह को फिल्मी अंदाज में धमकी दी। बदमाश ने गार्ड को धमकाते हुए कहा कि चुपचाप रहो.. जुबान खोली तो खोपड़ी खोल दूंगा।
बदमाश के इन शब्दों को सुनकर गार्ड हयात के साथ-साथ सभी कर्मचारियों का जैसे दम सूख गया। किसी ने एक दूसरे से बात तक नहीं की और बदमाशों के इशारों पर काम करने लगे। एक-एक कर सभी जेवरातों को बदमाश के बैग में भरवा दिया। 
बदमाशों ने इसके बाद वहां पर 25 मिनट तक लूटपाट की। गार्ड समेत आठ कर्मचारियों के हाथ प्लास्टिक के बैंड से बांधकर उन्हें वहीं बैठा दिया। एक बदमाश बैग में जेवरात भर रहा था। तभी उसने दूसरे से कहा कि सभी को उस दरवाजे के अंदर बंद कर दो। यह दरवाजा पेंट्री (रसोई) का था। बदमाश ने दरवाजा खोला और कर्मचारियों को एक-एक कर उठाना शुरू कर दिया।