न्यूज़- कुरियन एंटोनी
महाराष्ट्र के ठाणे शहर में पुलिस ने एक वित्तीय अपराध में कथित भूमिका के लिए तीन और लोगों को गिरफ्तार किया है। यह मामला एक पेमेंट गेटवे कंपनी के सिस्टम में छेड़छाड़ कर 16,180 करोड़ रुपये की गड़बड़ी करने से जुड़ा है।
आरोपियों की पहचान 41 वर्षीय केदार दिघे, 38 वर्षीय संदीप नकाशे और 47 साल के राम बोहरा के रूप में हुई है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) डॉ. पंजाबराव उगाले ने बताया कि आरोपियों को गुरुवार देर रात गिरफ्तार किया गया। बता दें, इससे पहले पुलिस 12 अक्तूबर को दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
यह है मामला
पुलिस के अनुसार, धोखाधड़ी लंबे समय से हो रही थी, लेकिन अप्रैल 2023 में कंपनी के पेमेंट गेटवे सिस्टम के हैक होने और 25 करोड़ रुपये की हेराफेरी के बारे में श्रीनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज होने के बाद मामला सामने आया। जांच के दौरान साइबर सेल की टीम को 16,180 करोड़ रुपये से अधिक के संदिग्ध लेनदेन का पता चला।