अल्मोड़ा। जिला मुख्यालय के स्यालीधार के पास सड़क दुर्घटना में फलसीमा आईटीआई में स्टोर कीपर की मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार अल्मोड़ा-कोसी मोटर मार्ग में स्यालीधार स्थित वेयर हाउस के पास बाइक सवार एक व्यक्ति बेहोश मिला। वहां से गुजर रहे लोगों ने उसे बेस अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार मृतक कुलदीप सिंह (40) निवासी देघाट स्याल्दे हाल निवासी, विवेकानंदपुरी वार्ड में रहता था और आईटीआई में स्टोर कीपर था।
एसएसपी रामचंद्र राजगुरु ने बताया कि पुलिस को अस्पताल से घटना की सूचना मिली है। मृतक की बाइक खुद ही दुर्घटनाग्रस्त हुई या फिर किसी अन्य वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मारी, इसकी जांच की जा रही है। इसके बाद ही घटना के कारणों का पता चल सकेगा। संवाद
नशे में कार दौड़ाने पर चालक गिरफ्तार
अल्मोड़ा। नशे में कार दौड़ने पर चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने नगर के टैक्सी स्टैंड के पास एक कार को रोककर चालक विक्रम सिंह, निवासी रामपुर रोड हल्द्वानी की जांच की तो वह नशे में मिला। इस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चालक को गिरफ्तार कर कार को सीज कर दिया। एसएसपी रामचंद्र राजगुरु ने कहा कि नशे में वाहन दौड़ाने वालों के खिलाफ चेकिंग अभियान जारी रहेगा।