वायरल वीडियो में आरोपियों के चेहरों को भी देखा जा सकता है, लेकिन मुकदमा दर्ज होने व आरोपियों की पहचान होने के बावजूद पुलिस अभी तक शराब माफिया तक नहीं पहुंच पाई है। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पर चूरू जिले के गांव कैलास में शराब मुक्त करने का संकल्प लिया गया। इस दौरान गांव में शराब माफिया की अवैध दुकानों को बंद करने का आह्वान किया गया। ये बात शराब माफिया नागवार गुजरी।
माफिया के लोगों ने विरोध में शामिल एक युवक का अपहरण कर उसको नंगाकर बेरहमी की सारी हदें पार करते हुए उसकी बेंत से चमड़ी उधेड़ डाली। अपनी दहशत फैलाने के लिए शराब माफिया के गुर्गों ने युवक की पिटाई का वीडियो भी बनाया और अंजाम भुगतने की धमकी देते हुए उसे वायरल भी कर दिया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
25 अगस्त को युवक के भाई ने तारानगर थाने में आरोपियों के खिलाफ आईपीसी और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज करवाया गया है। पुलिस ने आईपीसी की धारा 365, 327, 394, 323, 342, 386, 387, 500, 501, 504, 506, 143, 120-बी तथा आईटी एक्ट की धारा 67 में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच राजगढ़ थानाधिकारी सुभाष चन्द्र को दी गई है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पीड़ित युवक को कुछ दबंग उसके घर के पास से मारपीट कर अगवा करते हैं। फिर बीहड़ जैसी सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ मारपीट कर उसे नंगा होने पर मजबूर किया गया। युवक को नंगा करने के बाद दबंगई दिखाते हुए युवक की बेंत से पिटाई की जा रही है। पीड़ित युवक भाई जी-भाई जी कहकर रहम करने की भीख मांगता है, लेकिन आरोपी उसकी बेंत से सुताई करते रहते हैं। वायरल वीडियो में आरोपियों के चेहरों को भी देखा जा सकता है, लेकिन मुकदमा दर्ज होने व आरोपियों की पहचान होने के बावजूद पुलिस अभी तक शराब माफिया तक नहीं पहुंच पाई है।
नाजायज शराब बिक्री का किया था विरोध
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पीड़ित युवक के भाई गांव कैलाश निवासी अशोक सिंह राजपूत ने रिपोर्ट दी कि उसका भाई राजेन्द्र सिंह राजपूत प्राइवेट वाहन चलाता है। उसके गांव के विनोद मेघवाल व 5-6 उसके अन्य साथी गांव में सार्वजनिक स्थान पर नाजायज शराब बेचते थे, जिसका उसके भाई राजेन्द्र ने कई बार विरोध किया। उक्त लोग भाई से रंजिश रखने लगे। आरोपियों ने आपराधिक षडयंत्र कर उसके भाई राजेन्द्र का तारानगर कस्बा से कैम्पर गाड़ी में अपहरण कर तारानगर के पास सुनसान जगह ले जाकर भाई से दो लाख रुपये लूट लिए तथा उसके भाई राजेन्द्र को अवैध शराब का धन्धा करने के लिए दबाव बनाया। जब उसके भाई ने मना किया तो उक्त सभी ने उसके भाई के साथ मारपीट की।
पीड़ित युवक लापता
24 अगस्त की शाम आरोपी विनोद मेघवाल ने गांव के व्हाट्सएप ग्रुप में विडियो डाला। उसके बाद से राजेन्द्र बिना बताए घर से चला गया है। उससे कोई सम्पर्क नहीं हो रहा है। शराब बेचने वाले महावीर, इन्द्र पूनिया अभी भी शराब बिक्री का विरोध करने वालों को मोबाइल पर गाली-गलौच कर सबक सिखाने की धमकियां देकर गांव में बने अन्य व्हाट्सएप ग्रुपों पर ऑडियो रिकॉर्डिंग वायरल कर ग्रामीणजनों को डरा कर रहे हैं। बहरहाल पुलिस ने आईपीसी व आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दो दिन पहले जिला परिषद साधारण सभा की बैठक में गांव में अवैध तरीके से हो रही शराब बिक्री को लेकर सांसद राहुल कस्वा के ने आबकारी विभाग पर सवालिया निशान लगाते हुए शराब माफिया से मिलीभगत तक के आरोप लगा दिए गए थे।