हिमाचल और उत्तराखंड में 24 जून से अब तक मॉनसूनी बारिश ने भारी तबाही मचाई है. जहां हिमाचल में बारिश ने 50 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। पहाड़ जल प्रलय से जूझ रहे हैं। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश के चलते नदियां उफान पर हैं. पहाड़ दरक रहे हैं. जगह जगह लैंडस्लाइड से तबाही देखने को मिल रही है। आसमानी आफत से हर तरफ हाहाकार मची है. भारत के इन दोनों पहाड़ी राज्यों में मॉनसून तबाही लेकर आया है। 
हिमाचल में 24 जून से अब तक 214 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 38 लोग लापता हैं। राज्य में बारिश-लैंडस्लाइड से जुड़ी घटनाओं में 10 हजार घरों को नुकसान पहुंचा है. वहीं, उत्तराखंड में मॉनसून आने के बाद से अब तक 52 लोगों की मौत हुई है. जबकि 19 लोग लापता हैं. राज्य को 650 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। हिमाचल में रविवार से भारी बारिश जारी है. इसके चलते शिमला, सोलन समेत कई जिलों में लैंडस्लाइड हुई. शिमला में समर हिल, फगली और कृष्णानगर लैंडस्लाइड से सबसबसे ज्यादा प्रभावित हुए. राज्य में बारिश और लैंडस्लाइड से तीन दिन में 71 लोगों की मौत हुई है. जबकि 13 लोग लापता हैं।
राज्य के बुनियादी ढांचे को बारिश-बाढ़ और लैंडस्लाइड से भारी नुकसान पहुंचा है. सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण के काम को पहाड़ जैसी चुनौती बताया. हिमाचल प्रदेश के सीएम सुक्खू ने कहा, राज्य को इस मानसून में भारी बारिश के कारण करीब 10 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। बारिश और लैंडस्लाइड की वजह से बर्बाद हुए बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण में एक साल लगेगा. सीएम ने कहा, सड़कों और जल परियोजनाओं के पुनर्निर्माण में समय समय लगता है. लेकिन हम इस प्रक्रिया में तेजी ला रहे हैं। 
सीएम सुक्खू ने बताया कि थल सेना, वायु सेना, NDRF और SDRF बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को निकालने में लगे हुए हैं, इस प्रक्रिया में पुलिस और होम गार्ड के जवानों को भी शामिल किया गया है ।
कृष्णानगर में 15 घर कराए गए खाली
कृष्णानगर में मंगलवार को हुए लैंडस्लाइड में करीब 8 घर एक के बाद एक कर ढह गए थे. इसका वीडियो भी सामने आया था। लैंडस्लाइड में दो लोगों की मौत हुई है. इलाके में बारिश के चलते लैंडस्लाइड की आशंका के चलते 15 घरों को खाली कर दिया गया है और लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है ।