ऋषिकेश। डोईवाला में एक बार फिर इंटीग्रेटेड टाउनशिप का मामला गर्मा गया है। मुख्यमंत्री के बयान के बाद यह मामला शांत हो गया था, लेकिन डोईवाला में इंटीग्रेटेड टाउनशिप के कथित सर्वे के बाद एक बार फिर इस मामले ने तूल पकड़ लिया है। हालांकि अधिकारी सफाई दे रहे हैं ऐसा कोई सर्वे नहीं कराया गया है। सोमवार को संयुक्त किसान मोर्चा ने यहां इंटीग्रेटेड टाउनशिप के विरोध में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया।
डोईवाला गुरुद्वारे के बाहर संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले सोमवार को किसानों का धरना प्रदर्शन शुरू हुआ। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह खालसा ने कहा कि एक और जहां मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्री टाउनशिप ना बनाने का बयान देते हैं, वहीं दूसरी ओर केंद्र से एक टीम आकर माजरीग्रांट में सर्वे और फोटोग्राफी करती है। इसके बाद किसान संयुक्त मोर्चा ने अनिश्चितकालीन धरने का आवाहन किया, तो शासन प्रशासन किसानों पर धरना नहीं करने का दबाव बनाता रहा।
उन्होंने कहा कि हम उत्तराखंड के ही निवासी हैं। मुख्यमंत्री स्वयं हमारे बीच आकर डोईवाला में इंटीग्रेटेड टाउनशिप नहीं बनाने का लिखित आश्वासन दें या मुख्य सचिव के हाथों लिखित आश्वासन दिलवाएं। जब तक ऐसा नहीं होगा, तब तक धरना जारी रहेगा। धरने पर टिकैत यूनियन के गढ़वाल मंडल महामंत्री इंदरजीत सिंह, प्रदेश सचिव गुरदीप सिंह, जनरल सिंह, राजेंद्र सिंह, प्रिंस सिंह, सरजीत सिंह, फुरकान अहमद, जसवंत सिंह, प्रेम सिंह, बलवीर सिंह, अजय, पूनम देवी, आशा देवी, मनजीत, कमला थापा, अमर कौर आदि मौजूद रहे।