ऋषिकेश। संयुक्त संघर्ष मोर्चा डोईवाला ने बैठक आयोजित की। उन्होंने डोईवाला में नया शहर बसाने को लेकर विरोध जताया। उन्होंने सरकार से योजना के लिए भूमि अधिग्रहण की खबरों का स्पष्टीकरण देने की मांग की। शुक्रवार को संयुक्त संघर्ष मोर्चा डोईवाला ने गन्ना सोसायटी सभागार में बैठक की। गन्ना समिति अध्यक्ष मनोज नौटियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री और शहरी विकास मंत्री ने डोईवाला में एरो सिटी बनाए जाने का कोई प्रस्ताव न होने का हवाला दिया है। लेकिन अभी भी जनता में भूमि अधिग्रहण की आशंकाएं बनी हुई है। डोईवाला में नया शहर बसाने के लिए अधिग्रहण की चर्चा है। पूर्व में समाचार पत्रों व सोशल मीडिया के जरिए यह पता चला है कि इस संबंध में सर्वे किए जाने तथा 1100 करोड़ की धनराशि स्वीकृत होने की भी चर्चा चल रही है।
जनहित को देखते हुए मुख्यमंत्री या अन्य शासन का कोई जिम्मेदार अधिकारी किसी भी तरह के अधिकरण ना करने के संबंध में बयान जारी करे। ताकि ग्रामीणों में बने भय का माहौल दूर हो। एडवोकेट मनोहर सिंह सैनी ने कहा कि संयुक्त संघर्ष मोर्चा व जनप्रतिनिधि का प्रतिनिधिमंडल शीघ्र संबंधित मंत्रालय से तथा प्रशासन के अधिकारियों तक जनता की बातों को पहुंचाएंगे। बैठक में हरकमल सिंह, ग्राम प्रधान अनिल पाल, एडवोकेट मनोहर सिंह सैनी, करतार नेगी, मोहित उनियाल, दरपान बोरा, जरनैल सिंह, गुरजीत सिंह लाडी, मंगल सिंह, हरविंदर सिंह, रणजीत सिंह, सुरेंद्र सिंह राणा, पृथ्वी सिंह आदि मौजूद रहे।