हरिद्वार। पिछले 24 घंटे से बिजली आपूर्ति बंद होने से आक्रोशित बेगमपुर के ग्रामीणों ने बहादराबाद उपखंड अधिकारी कार्यालय में जमकर हंगामा कर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि 12 जुलाई की रात को 63 केवीए ट्रांसफार्मर फूंक गया था। संबंधित अधिकारियों को जानकारी देने के बाद भी ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया है। अधिकारी उनका फोन उठाने को तैयार नहीं है। मजबूरन ग्रामीणों को बिजली कार्यालय पर प्रदर्शन करना पड़ा।
वहीं, उपखंड अधिकारी अमित तोमर ने कहा कि उनको शुक्रवार सुबह सात बजे जानकारी मिली कि ट्रांसफार्मर खराब हो गया है। लाइनमैन और अवर अभियंता को मौके पर भेजा गया है। प्रदर्शन करने वालों में भरत सिंह, नरेश कुमार, अतर सिंह, स्वराज प्रधान, पृथ्वी सिंह, मदन लाल, अंकुर, करण सिंह, बिजेंद्र सिंह, कपिल देव, मनोज कुमार, रविंद्र पाल, चंद्र सिंह, ब्रजपाल सिंह आदि मौजूद थे।