शहर के किशोरपुरा इलाके में बीती रात भीषण आग की घटना सामने आई। देर रात करीब दो बजे कपड़ों की एक दुकान में अचानक आग लग गई, जो तेजी से फैलते हुए आसपास की दुकानों और पास के मकानों तक पहुंच गई। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत नगर निगम के अग्निशमन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही निगम की कुल छह दमकल गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं, जिनमें से दो-दो दमकलें सब्जी मंडी, श्रीनाथपुरम स्टेशन और भामाशाह मंडी से भेजी गईं। दमकलकर्मियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
निगम के चीफ फायर ऑफिसर राकेश व्यास के अनुसार, आग की शुरुआत एक कपड़े की दुकान से हुई, जो पूर्व पार्षद की बताई जा रही है। दुकान के पास ही कपड़ों का बड़ा गोदाम भी था, जिससे आग ने और भयावह रूप ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि उसने आसपास के मकानों को भी चपेट में ले लिया।
फिलहाल आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को इसकी वजह माना जा रहा है। इस घटना में लाखों रुपए के कपड़े जलकर खाक हो गए हैं। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे और बड़ा नुकसान टल गया।
अधिकारियों का कहना है कि दुकान और गोदाम में आग से हुआ नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। वहीं, क्षेत्रीय पुलिस भी घटना की जांच में जुटी हुई है।