देहरादून। पहले रकम उधार ली, फिर उस रकम को चुकाने के लिए दो मुंह वाले सांप के साथ बुजुर्ग की वीडियो बनाकर तस्करी में फंसाने का भय दिखाने लगे। आरोपियों में शामिल एक ने खुद को एंटी करप्शन का ब्यूरो सदस्य बताकर बुजुर्ग को ठगी करनी शुरू की और हालात यहां तक आ गए कि बुजुर्ग को ठगों से बचने के लिए कई लोन लेने पड़े। बाद में मकान तक गिरवी रख दिया। विवाहित बेटी को इसका पता चला तो उसने आरोपियों के खिलाफ क्लेमनटाउन थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। एसओ क्लेमनटाउन शिशुपाल राणा ने बताया कि सोनम रावत पुत्री ज्ञान सिंह रावत निवासी सोसाइटी एरिया क्लेमनटाउन ने तहरीर दी। कहा कि शादी के बाद वह दिल्ली में ससुराल में रहती हैं। कोविड काल 2021 में उसकी मां का देहांत हुआ। आरोप है कि इसके बाद प्रशांत नाम का युवक उसके पिता ज्ञान सिंह के संपर्क में आया। उसने 90 हजार रुपये उधार लिए। पिता ने रकम वापस मांगी तो अनजान जगह पर लेकर गए।
आरोप है कि इस दौरान दो मुंह वाले सांप की तस्करी में फंसाने से जुड़ी वीडियो बना ली। इसके बाद ज्ञान सिंह को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। प्रशांत मंडल, हरिओम सिंह, संदीप अलग-अलग तरीके से ब्लैकमेल कर रकम लेने लगे। इनके झांसे में आकर बुजुर्ग ने कई लोन लेने के साथ ही अपना मकान भी गिरवी रख दिया। बुजुर्ग से हाल तक आरोपी करीब 45 लाख रुपये ब्लैकमेल कर हासिल कर चुके हैं। आरोप है कि अभी भी धमकी देकर रकम मांगी जाती है। आरोप है प्रशांत मंडल ने खुद को एंटी करेप्शन ब्यूरो से जुड़ा बताया। कहा कि वह ब्यूरो का स्टेट हैड है। इसके जरिए उसने ब्लैकमेल किया। एसओ शिशुपाल राणा ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस साक्ष्य जुटाकर आरोपों की जांच कर रही है। पीड़ित बुजुर्ग सरकारी विभाग से रिटायर है।