प्रयागराज के खीरी में चचेरी बहन से छेड़खानी के विरोध पर सोमवार को 10वीं के छात्र सत्यम शर्मा(16) की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा थानाध्यक्ष और चौकी इंचार्ज को पुलिस आयुक्त ने सस्पेंड कर दिया है। प्रयागराज के खीरी में चचेरी बहन से छेड़खानी के विरोध पर 10वीं के छात्र सत्यम शर्मा (16) की हत्या के आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाने और किशोर का शव लाने की मांग को लेकर साढ़े 28 घंटे तक परिजनों और ग्रामीणों ने खीरी बाजार में जाम लगाए रखा।
इसके साथ ही थाने पर पथराव और सरकारी एंबुलेंस में तोड़फोड़ भी की। मंगलवार को रात साढ़े नौ बजे के बाद जाम खत्म कराया जा सका। तुर्कपुरवा ग्राम प्रधान मो. यूसुफ समेत गैरसमुदाय के पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनमें तीन नाबालिग हैं। इस मामले में प्रथमदृष्टया लापरवाही की बात सामने आने के बाद पुलिस आयुक्त ने खीरी थानाध्यक्ष नवीन कुमार सिंह व हल्का प्रभारी बप्पी सोनी को निलंबित कर दिया। अफसरों का कहना है कि मामले में जो भी लोग दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पूरेदत्तू गांव निवासी छात्र की सोमवार शाम चार बजे के करीब स्कूल से लौटते वक्त हत्या कर दी गई थी। पुलिस का दावा है कि छात्र को अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी मौत हो गई। एक घंटे बाद शाम पांच बजे के करीब ग्रामीणों-परिजनों ने खीरी बाजार में जाम लगा दिया। इससे खीरी- कोहड़ार व खीरी-कोरांव मार्ग पर आवागमन ठप हो गया। रात भर मान-मनौव्वल चलता रहा, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने। भोर में साढ़े तीन बजे के करीब पुलिस आयुक्त रमित शर्मा व डीएम संजय खत्री खीरी बाजार पहुंचे और लोगों को कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खत्म करने को कहा।